Header Ads Widget

Responsive Advertisement

भाई ने बहन का सिर काटा: धड़ लेकर घूमता रहा; गांव के बॉयफ्रेंड के साथ फरार हो गई थी बहन


उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार को खौफनाक वारदात हुई। यहां एक भाई ने अपनी बहन का सिर धड़ से अलग कर दिया। सिर हाथ में लेकर वह गांव में करीब 800 मीटर तक घूमता रहा। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। इसके बाद आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि बहन के अफेयर से नाराज होकर आरोपी ने यह वारदात की।

आरोपी का नाम रियाज है। सुबह 11.30 बजे उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बहन का कटा हुआ सिर और शव बरामद कर लिया है। वारदात फतेहपुर थाना क्षेत्र के मिठवारा गांव की है।

पड़ोसियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह घर पर रियाज का अपनी बहन आसिफा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ देर रुकने के बाद वह घर से बाहर निकल गया। उसके बाद जब वापस आया तो अपनी बहन से कपड़े धोने के लिए बोला। रियाज की बहन कपड़े धोने के लिए घर से बाहर निकली और पानी भरने लगी।

उस वक्त रियाज पीछे से आया और बहन पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए। रियाज तब तक चापड़ से गले पर मारता रहा जब तक कि गर्दन अलग नहीं हो गई। इसके बाद उसने सिर को हाथ में उठाया और थाने की ओर जाने लगा। आसपास के लोगों ने जब धड़ के साथ उसको घर से बाहर जाते देखा तो वह कांप गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रियाज को रास्ते से ही गिरफ्तार कर लिया।

वहीं पड़ोसियों का कहना है, 'रियाज की बहन गांव के अपने बॉयफ्रेंड के साथ फरार हो गई थी। 29 मई को परिवार के लोगों ने युवक के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। पुलिस ने युवक और युवती दोनों को गांव के बाहर से पकड़ लिया था। युवक को जेल भेज दिया गया। वहीं लड़की को परिवार वालों को सौंप दिया गया था।'

उनका कहना है, 'इसे लेकर घर में बहुत झगड़ा हुआ। इसके बाद रियाज अपनी बहन को पसंद नहीं करता था। आए दिन दोनों में विवाद होता रहता था। शुक्रवार सुबह भी दोनों में विवाद हुआ था। इसी के बाद रियाज ने इस घटना को अंजाम दिया।'

पड़ोसियों के मुताबिक, रियाज ने जिस वक्त बहन की हत्या की। उस वक्त घर में मां-बाप और भाई-बहन थे। इसलिए, उसने बहन को घर के बाहर कपड़े धोने के लिए भेजा। आरोपी ने इतनी तेजी से वारदात को अंजाम दिया कि कोई बीच-बचाव तक नहीं कर सका। रियाज गांव में सब्जी का ठेला लगाता है। वो अपराधी किस्म का था। जब उसकी बहन प्रेमी के साथ फरार हुई थी तब वो मारपीट से जुड़े एक मामले में जेल में बंद था। 15 दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था।

गांव के एक चश्मदीद ने बताया, 'रियाज बहन के सिर को हाथ में लेकर धीरे-धीरे चल रहा था। पहले तो मैं समझ नहीं पाया, लेकिन जब वो पास आया तो उसकी छोटी बहन का सिर हाथ में देखकर मैं हैरान रह गया। उसकी बहन के पूरे चेहरे पर खून था। वहीं रियाज के चेहरे पर शिकन या घबराहट कुछ भी नहीं दिख रही थी। उसके हाथ में चापड़ भी था। रियाज को देखकर मैं उससे बोलने की भी हिम्मत नहीं कर पाया।'

Post a Comment

0 Comments