प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के बजहा गांव में बड़ी वारदात हो गई। मामा ने अपनी भांजी निशा भारतीय (18) को केवल इसलिए चाकू से हमला कर मार दिया, क्योंकि वह किसी लड़के से बात करती थी। भांजी को मारने के बाद मामा ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि भांजी को कई बार लड़के से बात करने को मना किया पर वह नहीं मानी, इसीलिए मार दिया। उसके चेहरे पर कोई अफसोस नहीं दिखा।
निशा के पिता भल्लू की मौत हो चुकी है। मां कंसा देवी उसके साथ अपने मायके बजहा गांव में रहती हैं। निशा 10 वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी मां लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा करके अपना गुजारा करती है। शुक्रवार को वह काम पर चली गई। उसके जाने के बाद करीब 11:30 बजे निशा किसी लड़के से बात कर रही थी। उसका मामा राजकुमार अचानक से पहुंच गया। निशा ने मामा को देखा और अनदेखा कर दिया। राजकुमार ने उसे बात करके देखा तो गुस्से से पागल हो गया। बोला कि तुझे मना किया था कि किसी से बात नहीं करना। इसके बाद भी तू नहीं मानी। रुक तुझे अभी बताता हूं। इसके बाद वह घर में गया और चाकू लेकर आया और उसने ताबड़तोड़ वारकर मौत के घाट उतार दिया। उसने निशा के गले पर भी वार किया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मां को दी गई। मां ने पुलिस को जानकारी दी और मौके पर पहुंची पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और कुछ घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
0 Comments