Header Ads Widget

Responsive Advertisement

प्रेमी के साथ रहना चाहती थी पत्नी; मना करने पर पति को 5 टुकड़ों में काटा, नहर में फेंका

ये महिला का बेटा है। जिसने अपनी मां के अफेयर होने की बात बताई है।

पीलीभीत में पत्नी ने कुल्हाड़ी से वार कर पति की हत्या कर दी। इसके बाद शव के 5 टुकड़े किए फिर सीमेंट की 2 बोरी में भरकर नहर में फेंक दिया। पुलिस ने महिला की निशानदेही पर पति के शव के टुकड़े और खून से सने कपड़ों को घर से 10 किलोमीटर दूर से बरामद कर लिए हैं। साथ ही आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला का कहना है, उसका पति उसके साथ बहुत मारपीट करता था। उसी से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया है। वहीं परिवार के लोग महिला का किसी और से अफेयर होने की बात कह रहे हैं। मामला गजरौला थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव का है।

जानकारी के अनुसार, रामपाल (55) सोमवार रात से घर से लापता था। बहुत ढूंढने के बाद बुधवार को महिला के बड़े बेटे ने पिता की गुमशुदगी की शिकायत पुलिस से की। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

बेटे के शक के आधार पर जब पुलिस ने महिला से बात की तो उसने सारा सच बता दिया। पुलिस ने 27 जुलाई को रामपाल के खून से सने कपड़े नहर से बरामद किए थे। 28 जुलाई को उसके शव के टुकड़े बरामद किए हैं।

बता दें, रामपाल पत्नी दुलारो देवी (50) के साथ गांव में रहता था। दोनों के दो बेटे हैं। गांव में इनके 2 घर हैं। एक में दुलारो देवी अपने पति के साथ रहती थी। दूसरे में बच्चे अपने परिवार के साथ रहते हैं। रामपाल खेती किसानी करता था।

अब पढ़िए महिला ने कैसे पूरी घटना को अंजाम दिया-

पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि मेरा पति मुझे बहुत पीटता था। वो आए दिन शराब पीता फिर घर आकर झगड़ा करता। मैं घर पर अकेली रहती थी, कोई ऐसा था भी नहीं जो मुझे बचाता। कभी कोई गांव का बोल भी देता तो मेरा पति उसके साथ भी झगड़ा करता। मैं मारपीट और झगड़ों से परेशान हो गई थी।

सोमवार की रात को जब वो घर आया था तो नशे में लग रहा था, उसके बाद कमरे में सोने चला गया। उसे मारने का प्लान पहले ही बना लिया था। मैंने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर कमरे में रख ली।

पहले सिर पर कुल्हाड़ी से वार किए

दुलारी ने बताया, जैसे ही मेरा पति सोया, मैंने पहले उसको चारपाई से बांध दिया। उसके बाद उसके साथ मारपीट की। फिर सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। उसके बाद उसे हिला-डुला कर देखा। जब मुझे पक्का हो गया कि वो मर गया है तो मैं भी सो गई। उसके बाद मंगलवार सुबह उठकर पहले कुल्हाड़ी पर लगा खून साफ किया। उसके बाद कुल्हाड़ी को लेकर बाजार गई। वहां पर कुल्हाड़ी में धार लगवाई।

फिर घर वापस आकर पति को कुल्हाड़ी से काट दिया। उसके शरीर के 5 टुकड़े कर दिए। टुकड़ों को 2 सीमेंट की बोरी में भरा। उसके बाद रस्सी से बोरी कस दी। फिर एक बोरी में उसके खून से सने कपड़े भरे। उसके बाद घर में फैला सारा खून जल्दी-जल्दी साफ किया। फिर मौका देखकर घर के पास से निकल रही नहर में तीनों बोरी फेंक दी।

महिला का कहना है, घर वापस आकर वो काफी देर तक बाहर नहीं निकली। सोमवार शाम को जब घर पर बड़ा बेटा आया तो उसने अपने पिता के बारे में पूछा। मैंने उसको बताया, वो तो कल रात से गायब हैं। मैं खुद उनको तलाश कर रही हूं। उसके बाद उसने कई जगह फोन करके अपने पिता के बारे में पूछा।

लेकिन किसी ने भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी। जिसके बाद वो घर से चला गया। किसी को शक न हो इसलिए मैं भी उसके साथ बाहर निकल गई। सबसे अपने पति के बारे में पूछने लगी। वहीं 26 जुलाई को बेटे ने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने जब इस मामले में मुझसे सख्ती से पूछताछ की तो मैं टूट गई और सब सच बता दिया।

वहीं महिला के बेटे का कहना है, "मां का किसी के साथ अफेयर चल रहा था। वो किराए के मकान में उसके साथ रहती थी। वो घर का सारा सामान अपने प्रेमी के पास ले जाना चाहती थी। जिसका विरोध मेरा पिता करते थे। मेरे पिता मां के अफेयर का भी विरोध करते थे। जिसको लेकर घर में बहुत झगड़ा होता था, मारपीट होती थी।

कई बार मेरी मां मेरे पिता को मारने की धमकी दे चुकी थी। वो कहती थी, तुम्हारे साथ नहीं रहूंगी। आखिरी में उसने ऐसा ही किया। 3 महीने पहले मेरी मां घर से भागकर अपने प्रेमी के पास चली गई थी। वो उसी के साथ रहना चाहती थी। तभी उसने ये सब किया है।"

Post a Comment

0 Comments