Header Ads Widget

Responsive Advertisement

प्रयागराज में लैब टेक्नीशियन को बाइक सवार 2 बदमाशों ने मारी गोली, 8 महीने पहले हुई थी शादी

प्रयागराज में यमुनानगर औद्योगिक क्षेत्र के मुंगारी चौराहे के पास शनिवार सुबह बाइक सवार 2 बदमाशों ने घर से ड्यूटी जा रहे लैब टेक्नीशियन को गोली मार दी। गोली युवक की पीठ में लगी। यमुनानगर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के मुंगारी निवासी अयोध्या प्रसाद चौधरी मिलिट्री से रिटायर्ड हैं। 5 साल पहले सेना से रिटायर होने के बाद उन्होंने गांव में ट्यूबवेल लगवा लिया। वह वहीं पर रहते हैं। बेटा संदीप कुमार चौधरी (25) खुल्दाबाद स्थित एक पैथोलॉजी लैब में ब्लड कलेक्शन और लैब टेक्नीशियन का काम करता है। 08 जून 2022 को उसकी शादी कनिका के साथ हुई थी।

पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

संदीप कुमार शनिवार सुबह बाइक से ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। गांव के बाहर मुंगारी चौराहे के पास स्थित रामलखन स्कूल के सामने वह पहुंचा था। उसी समय वहां पहले से घात लगाकर खड़े अपाचे बाइक सवार 2 बदमाशों ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसकी पीठ पर दाहिने तरफ लगी। इससे वह लहूलुहान होकर बाइक से वहीं गिर गया। उसके बाद हमलावर मेजा की तरफ भाग गए। फायरिंग की आवाज सुनकर वहां पहुंचे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एसआरएन हॉस्पिटल में ले जाकर भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Post a Comment

0 Comments