Header Ads Widget

Responsive Advertisement

प्रयागराज: जींस पहनने से रोका तो मां ने साढ़े 4 साल की बेटी को मार डाला; गहरे कुएं में फेंकी बॉडी

प्रयागराज के करछना में एक मां ने अपनी साढ़े 4 साल की बच्ची को 50 फीट गहरे कुएं में फेंक कर उसकी हत्या कर दी। महिला के पति ने हत्या का कारण घर में होने वाले विवाद बताया है। पति का कहना है, उसकी पत्नी घर में जींस और सूट पहनकर घूमती थी। उसका रहन-सहन भी सही नहीं था। इन सब बातों को लेकर घर में लड़ाई होती थी। उसकी पत्नी उसको छोड़कर मायके जाना चाहती थी, लेकिन बेटी के कारण वो जा नहीं पा रही थी।

ये घटना प्रयागराज के करछना की है। बच्ची को 10 फरवरी को कुएं में फेंका गया था। 11 फरवरी को उसका शव मिला था। पुलिस ने 19 फरवरी को घटना का खुलासा करते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ 11 फरवरी को हत्या का केस दर्ज कर लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

बेटी की हत्या को हादसा दिखाने के लिए सोते समय बच्ची को कुएं में फेंका था। उसके बाद मां अपने बिस्तर पर आकर सो गई। फिर अचानक चिल्लाने लगी थी कि उसकी बच्ची लापता हो गई है। कोई उसकी बच्ची को उठा ले गया है। रात भर परिवार के लोगों ने बच्ची की तलाश की लेकिन वो कहीं नहीं मिली। सुबह जब पुलिस आई तो बच्ची का शव घर से 10 मीटर दूर बने कुएं में पड़ा मिला।

इसी बीच बच्ची के पिता को अपनी पत्नी पर हत्या किए जाने का शक हो गया। संजय का कहना है, बेटी के जाने पर मेरी पत्नी एक बार भी नहीं रोई। वो बस किसी भी तरह से घर से जाना चाहती थी। शक के आधार पर मैंने ही इस बात की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने 18 फरवरी को मेरी पत्नी को हिरासत में लिया। शाम को वो घर आ गई थी लेकिन 19 फरवरी को पुलिस उसको फिर से घर से ले गई और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया, तुम्हारी पत्नी ने ही तुम्हारी बेटी को मारा है।

सौम्या का जन्म 2018 में हुआ था। उसकी उम्र साढ़े 4 साल थी। मां का नाम ममता यादव है। पिता संजय बिजली विभाग में काम करता है। उसकी शादी 2017 में हुई थी। पूरे परिवार में सौम्या एकलौती बेटी थी।

सौम्या के पिता संजय ने बताया, शादी के बाद ममता घर पर किसी की इज्जत नहीं करती थी। वो सब कुछ अपने हिसाब से करना चाहती थी। वो उल्टे सीधे कपड़े पहनती थी। घर में बड़े भाई-छोटे भाई सब हैं। सब लोग इस बात का विरोध करते थे। मैं उसको बहुत समझाता था लेकिन वो मेरी बात नहीं सुनती थी। शादी के बाद से घर में इस बात को लेकर बहुत लड़ाई होती थी।

इसे पहले ममता ने खुद सिंदूर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। लेकिन वो बच गई थी। लड़ाई के कारण वो मुझसे अलग रहती थी। बेटी को अपने साथ रखती थी। मैं उससे बात करने की कोशिश करता तो मुझे भगा देती थी। मुझे नहीं पता था उसके मन में ये सब चल रहा है। मुझे उम्मीद नहीं थी कि वो अपनी ही बेटी को मार देगी।

इस मामले में थाना प्रभारी संजीव चौबे ने बताया, आरोपी ममता ने बिना किसी झिझक के ये घटना कबूल कर ली। उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। हमें ममता के पति ने ही उसका नाम बताया था। जिसके बाद पूछताछ में आरोपी महिला ने पूरा सच उगल दिया। आरोपी ममता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments