Header Ads Widget

Responsive Advertisement

​​​​​​​प्रयागराज में 6 साल के बच्चे की गला काटकर हत्या: कब्रिस्तान में खून से लथपथ मिला शव

प्रयागराज के मऊआइमा थाना के नई बस्ती बैरहना खानपुर गांव में 6 साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मासूम का गला आधा कटा हुआ है। शव घर से 500 मीटर की दूरी पर कब्रिस्तान की झाड़ियों में मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस टीम, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर जांच पड़ताल कर रही है। मामले में पुलिस ने मासूम के चाचा को हिरासत में लिया है।

बताया जा रहा है कि डॉग स्क्वायड टीम के साथ आया कुत्ता शव को सूंघने हुए पास में बने सरसों के खेत में पहुंचा। जहां टीम को एक चाचा का पैंट मिला। जब पैंट टीम ने कुत्ते को सुंघाया, तो कुत्ता पैंट और पैर के निशानों को सूंघते हुए मासूम के घर पहुंच गया और चाचा हासिम को पीछे से पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर हासिम को हिरासत में ले लिया।

घटना मऊआइमा थाना के नई बस्ती बैरहना खानपुर गांव की है। बच्चा घर से 10 बजे के करीब बाहर निकला था। करीब साढ़े 12 बजे परिवार को उसका शव मिला है। मासूम का नाम मोहम्मद नाजिम था। वो मदरसे में क्लास-2 का छात्र था। घर के इकलौते बेटे की मौत के बाद से परिवार के लोग सदमे में हैं।

मासूम का पिता मोहम्मद कासिम पावर लूम चलाता है। उसकी पत्नी रुबीना बानो भी उसके काम में सहयोग करती है। पति-पत्नी मिलकर गलीचा की बुनाई करते हैं। दोनों की एक 3 साल की बेटी भी है। 

पिता मोहम्मद कासिम ने बताया, "सोमवार की सुबह उसकी पत्नी रुबीना बानो ने बेटे को नहला कर खाना खिलाया। इसके बाद नाजिम घर के बाहर बच्चों के साथ खेलने चला गया। 11 बजे के करीब रुबीना को जब नाजिम घर के पास नहीं दिखा, तो वो उसको खोजने लगी। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला। जिन बच्चों के साथ नाजिम खेल रहा था। वो भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाए। काफी देर ढूंढने के बाद नाजिम का शव मिल गया।

नाजिम का शव सबसे पहले पड़ोस के रहने वाले एक युवक ने देखा था। नाजिम का शव घर के पीछे बने कब्रिस्तान में पड़ा हुआ था।  

Post a Comment

0 Comments