Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

प्रयागराज में पेश इमाम की शर्मनाक हरकत: मस्जिद में किशोर से 4 दिन तक किया कुकर्म

प्रयागराज जिले के शिवकुटी थाना क्षेत्र स्थित रसूलाबाद की एक मस्जिद में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। यहां अरबी की तालीम हासिल करने जा रहे एक किशोर छात्र के साथ मस्जिद के पेश इमाम ने लगातार चार दिनों तक कुकर्म किया। पीड़ित छात्र की मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया और आरोपी इमाम को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित किशोर की मां ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनका बेटा पिछले करीब 3 महीने से रसूलाबाद स्थित मस्जिद में अरबी पढ़ने के लिए जा रहा था। आरोप है कि बीते 11 नवंबर को पेश इमाम ने पहली बार किशोर के साथ कुकर्म किया। मासूम ने डर और दहशत की वजह से घर पर किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद आरोपी का दुस्साहस बढ़ता गया और उसने 12, 13 तथा 14 नवंबर को भी छात्र के साथ दरिंदगी की।

पीड़िता की मां के अनुसार, 14 नवंबर को जब उनका बेटा मस्जिद से घर लौटा तो वह काफी डरा और सहमा हुआ था। पूछने पर उसने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। छात्र ने बताया कि आरोपी पेश इमाम ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की थी। इमाम उसे धमकाता था और कहता था कि वह ठीक से पढ़ाई नहीं करता है, और यदि उसने इस घटना के बारे में घर में किसी को बताया तो कोई भी उसकी बात पर विश्वास नहीं करेगा।

बेटे के साथ हुई इस घिनौनी हरकत की जानकारी मिलने के बाद मां ने तत्काल पुलिस से मामले की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवकुटी थाना पुलिस ने रविवार को संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज की। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रविवार शाम करीब 4 बजे आरोपी पेश इमाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments