Header Ads Widget

Responsive Advertisement

प्रयागराज में क्लास में घुसकर शिक्षक को फावड़े से पीटा; बच्चे को डांटना पड़ा महंगा

प्रयागराज में करछना थाना क्षेत्र के जीएस साइंस एकेडमी स्कूल का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें एक युवक क्लास में शिक्षक पर फावड़े से लगातार हमला कर रहा है। आरोपी सात सेकेंड में करीब पांच बार टीचर पर फावड़े से हमला करता है। कुछ लोग उसे पकड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह नहीं मानता है। घटना 21 जुलाई की दोपहर की बताई जा रही है। शिक्षक की तरफ से करछना थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।

यमुनानगर के करछना थाना क्षेत्र में धरवारा स्थित जीएस एकेडमी स्कूल में गांव भुस्का निवासी प्रिंस सिंह (10) पुत्र शिशिर सिंह चौथी कक्षा का छात्र है। 20 जुलाई को प्रिंस क्लास में शोर मचा रहा था। इसी बात से नाराज कक्षा अध्यापक अर्पित तिवारी ने क्लास में प्रिंस को डांट दिया। उसे एक छड़ी मार दी। प्रिंस जब घर गया तो उसने पिटाई की बात घर वालों को बताई।

21 जुलाई को प्रिंस के पिता शिशिर सिंह अपने दो तीन साथियों के साथ प्रिंस के स्कूल पहुंचे। वहां उन्होंने उनके बेटे की पिटाई करने पर शिक्षक और प्रिंसिपल से नाराजगी जताई। लेकिन जब स्कूल प्रबंधन ने प्रिंस के शैतानी करने पर उसे डांटने की बात बताई तो शिशिर शांत हो गए।

इस दौरान शिशिर के साथ गए धरवारा निवासी प्रिंस के चाचा रणविजय सिंह उर्फ गुडलक अपने गुस्से पर काबू नहीं रख पाए। वह स्कूल के पास में ही स्थित अपने घर से फावड़ा लेकर स्कूल पहुंच गए और टीचर अर्पित को ढूढने लगे। शिक्षक को ढूंढते हुए वह सीधे क्लास रूम में पहुंचे। उनके पीछे पीछे कई शिक्षक भी दौड़े। लंच टाइम था। क्लास में शिक्षक अर्पित तिवारी अकेले थे। अर्पित को देखते ही रणविजय ने फावड़े से पीटना शुरू कर दिया। लोग बीच बचाव करते रहे और रणविजय शिक्षक अर्पित तिवारी को पीटता रहा। फावड़े से हमले को लेकर स्कूल में हंगामा खड़ा हो गया। हमले में शिक्षक अर्पित तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक हाथ फैक्चर हो गया। रणविजय के हमले की सारी घटना क्लास रूम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

पीड़ित शिक्षक अर्पित तिवारी के पिता प्रेम शंकर तिवारी ने बताया कि उनके बेटे गणित के टीचर हैं। शैतानी करने पर एक बच्चे को उन्होंने डांट दिया था। जिससे उसके चाचा ने स्कूल में क्लास के अंदर घुस कर मेरे बेटे अर्पित पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। कुछ शिक्षकों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उनके साथ भी हाथापाई की। करछना के भुण्डा पुलिस चौकी में 21 जुलाई की शाम को तहरीर दी थी। सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने कहा था मौके पर जाकर जांच करेंगे, लेकिन जांच भी नहीं की गई।

हमलावरों के जाने के बाद शिक्षक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद 22 जुलाई को आरोपी रणविजय सिंह उर्फ गुडलक के खिलाफ जानलेवा हमले की तहरीर करछना थाने में दी गई। इंस्पेक्टर करछना नारेंद्र कुमार ने बताया कि शिक्षक की तहरीर पर आरोपी रणविजय सिंह उर्फ गुडलक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन आरोपी मिला नहीं है।

Post a Comment

0 Comments